नई दिल्ली: 20 नवंबर
इंडियन विमेन्स प्रेस कॉर्प्स (IWPC) का32वाँ वार्षिक समारोह 21 नवंबर को नई दिल्ली स्थित जवाहर भवन में आयोजित किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
समारोह में सूफी संगीत का खास रंग भी देखने को मिलेगा। सूफी गायकी के लिए मशहूर रुहानी सिस्टर्स (ज्योति और प्रसन्ना) अपनी प्रस्तुति देंगी। उनकी गायकी और सूफियाना अंदाज शाम का मुख्य आकर्षण होगा।
IWPC की इन-हाउस आर्टिस्ट अनुराधा रमन भी अपनी गायन प्रस्तुति देंगी। इस दौरान लीडिया उनका साथ देगी।
कार्यक्रम में IWPC की वार्षिक स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। इसमें संगठन की अब तक की यात्रा, महिला पत्रकारों के अनुभवों और पत्रकारिता में उनके योगदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है।
वर्ष 1994 में स्थापित इंडियन विमेन्स प्रेस कॉर्प्स देशभर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़ी महिला पत्रकारों का संगठन है। यह महिला पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करने के साथ उनके पेशेवर हितों और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए काम करता है।